भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सिद्धिविनायक मंदिर और लालबागचा राजा के किए दर्शन
मुंबई, 16 सितंबर (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर और लालबागचा राजा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की खुशी, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के मुंबई पहुंचने पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वह प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पवन त्रिपाठी ने नितिन नवीन का स्वागत किया।
इसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने लालबागचा राजा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दोपहर में उन्होंने मालाबार हिल स्थित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में भगवान गणेश के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर भी गणपति के दर्शन किए। अपने दौरे के दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भी मुलाकात की। इसके बाद वह बांद्रा रिक्लेमेशन स्थित सर्वजन गणेशोत्सव मंडल पहुंचे और गणपति बप्पा के दर्शन किए। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बातचीत भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, सांस्कृतिक मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विपणन मंत्री जयकुमार रावल, भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, संजय उपाध्याय, मुंबई की मेयर रितु तावड़े, युवा मोर्चा मुंबई अध्यक्ष दीपक सिंह समेत कई भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव