महाराष्ट्र का पुणे केतन हत्याकांड : मृतक की मां ने प्रधानमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

 


मुंबई, 14 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे के पास लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर हुई केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उसकी मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई है। राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री को भावुक ईमेल भेजा है और मामले में जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राखी अग्रवाल ने ईमेल में लिखा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अपने ही बेटे के लिए इंसाफ मांगते हुए प्रधानमंत्री को ईमेल लिखना पड़ेगा। हर मां का सपना होता है कि वह अपने बेटे को शादी करते, परिवार बसाते और खुशहाल जिंदगी जीते हुए देखे, लेकिन उन्हें अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। ईमेल में राखी अग्रवाल ने लिखा है कि केतन की हत्या ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी है। घर का हर कोना, उसका कमरा, उसके कपड़े और उसकी तस्वीरें उन्हें हर दिन बेटे की याद दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के कुछ ही दिनों बाद केतन के दादा का भी निधन हो गया, जो अपने पोते की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके । राखी अग्रवाल ने लिखा कि, हमारा परिवार कुछ ही दिनों में दो पीढिय़ां खो चुका है।

प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए उन्होंने लिखा कि वह किसी सहानुभूति या विशेष कृपा की मांग नहीं कर रहीं, बल्कि सिर्फ न्याय चाहती हैं। उन्होंने कहा कि केतन अब कभी वापस नहीं आएगा, लेकिन उसकी जान लेने वालों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। ईमेल में उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि इस मामले को केवल एक और केस फाइल बनाकर न छोड़ा जाए। उन्होंने लिखा कि केतन किसी का बेटा, पोता और भाई था, लेकिन उनके लिए वह पूरी दुनिया था। हर रात वह बेटे की तस्वीर देखकर यही दुआ करती हैं कि एक दिन कह सकें बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया।

राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले की सुनवाई और जांच में अनावश्यक देरी न हो तथा दोषियों को जल्द से जल्द कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दुखी मां की आवाज देश के प्रधानमंत्री तक पहुंचेगी और उनके बेटे को न्याय मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव