महाराष्ट्र के जालना में ट्रक ने १० महिला मजदूरों को रौंदा, सात की मौत, तीन घायल

 


मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के जालना में बुधवार शाम को बड़ा हादसा हुआ। यहां समृद्धि हाईवे पर जनवाड़ी-कदवंची इलाके के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सफाई का काम कर रही 10 महिला मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में सात महिला मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि तीन घायल हो गई हैं। जालना पुलिस घटनास्थल पर राहत और बचाव का कार्य कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये महिलाएं समृद्धि हाईवे पर सफाई का काम कर रही थीं। शाम छह बजे के करीब मुंबई की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने इन महिला मजदूरों को रौंद दिया। इस घटना में सात महिला मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर घायल हो गईं। तीनों को तत्काल जालना शासकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

वहीं, जालना विधायक अर्जुन खोतकर घटनास्थल पर पहुंचे और इस घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में जाकर घायल महिलाओं से भी मुलाकात की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव