फिल्म अभिनेत्री रकुल प्रीत,फिल्म निर्माता वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टुडियो सहित कई ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी

 

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। आयकर विभाग ने सोमवार को सुबह से फिल्म अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज सहित 12 ठिकानों पर वित्तीय अनियमितता मामले में छापेमारी कर रही है। छापेमारी की अधिकृत जानकारी आयकर विभाग की ओर से नहीं दी गई है।

आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार बॉलीवुड और फिल्म जगत से जुड़े लोगों तथा कंपनियों के फिल्म प्रोजेक्ट्स, शूटिंग, ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर कथित तौर पर विदेशों में रकम भेजे जाने से जुड़े मामलों की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। आयकर विभाग को वित्तीय लेनदेन में कथित अनियमितताओं और कर संबंधी गड़बडिय़ों को लेकर कुछ इनपुट मिले थे। इन्हीं के आधार पर मुंबई आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें कई परिसरों पर तलाशी ले रही हैं।

फिलहाल आयकर विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी है। तलाशी के दौरान वित्तीय दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रकुल प्रीत सिंह ने दक्षिण भारतीय फिल्मों से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी और बाद में हिंदी सिनेमा में पहचान बनाई। वह 'दे दे प्यार दे', 'डॉक्टर जी' और 'पति पत्नी और वो' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वह आगामी फिल्म 'रामायण' से भी जुड़ी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव