महाराष्ट्र के नासिक की आईटी कंपनी में धर्म परिवर्तन के मामले में कंपनी की मैनेजर गिरफ्तार

 

मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले की आईटी कंपनी में धर्म परिवर्तन और छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कंपनी की

महिला मैनेजर अश्विनी चेनानी को गिरफ्तार किया है। चेनानी पर महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ और धर्मपरिवर्तन की शिकायतों को दबाने और अंदरूनी तौर पर मामले को दबाने का आरोप है।

नासिक शहर के पुलिस कमिश्नर संदीप कार्णिक ने बताया कि एक बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) फर्म के 51 साल के ह्यूमन रिसोर्स (एचआर) मैनेजर को आज कई कर्मचारियों से जुड़े कथित सेक्सुअल अब्यूज और हैरेसमेंट केस में गिरफ्तार किया गया है। नासिक शहर की पुलिस ने कल पुणे के लुल्लानगर की रहने वाली मैनेजर को एक नोटिस भेजा था, जिसमें उनसे एक ऐसे मामले में उनकी भूमिका के बारे में सफाई मांगी गई थी, जिसमें छह कर्मचारियों को सेक्सुअल अब्यूज और हैरेसमेंट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि फर्म के नौ कर्मचारियों ने मैनेजर समेत कंपनी के सात सीनियर अधिकारियों के खिलाफ कथित सेक्सुअल अब्यूज, हैरेसमेंट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

इस मामले में गुरुवार को छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था और आज शुक्रवार को सातवें आरोपित के रुप में मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह मामला सबसे पहले तब सामने आया, जब एक महिला कर्मचारी ने 26 मार्च को देवलाली पुलिस स्टेशन में एक सीनियर सहकर्मी पर रेप का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आठ और कर्मचारियों, जिसमें एक पुरुष स्टाफऱ भी शामिल था। उन्होंने मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं हैं। इसमें आखिरी शिकायत 3 अप्रैल को दर्ज की गई, जिसमें यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया गया। इन शिकायतों के बाद पुलिस ने महिला पुलिस कर्मियों को सादे वेश में कंपनी में भेजकर शिकायत के तथ्यों का पता लगाया। इसके बाद इन सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी मामलों की छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव