मूसलाधार बारिश से मुंबई और आस-पास का जनजीवन अस्त व्यस्त

 

- पुणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट और मुंबई, ठाणे, पालघर में येलो अलर्ट

मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शुक्रवार को मुंबई और आस पास के इलाकों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज पुणे और रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट और मुंबई, ठाणे, पालघर जिले सहित सूबे के कोंकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे इन जिलों में आपातकालीन व्यवस्था को सुसज्ज रखा गया है।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि पूरे राज्य में भारी बारिश जारी रहेगी और अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता और बढऩे की संभावना है। खासकर मुंबई, कोंकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। यह भी चेतावनी दी गई है कि कुछ जगहों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों तक मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में सिर्फ 24 घंटों में 200 एमएम तक बारिश हो सकती है। इसलिए, नागरिकों से जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है। विदर्भ के बुलढाणा, अकोला और अमरावती जिलों के लिए भी भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, सिंधुदुर्ग, नंदुरबार, धुले, जलगांव, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अहिल्यानगर, जालना, बीड, परभणी, वाशिम, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में गरज के साथ बारिश का अनुमान है।

मुंबई में आज लगातार तीसरे दिन लगातार मूसलाधार बारिश का कहर जारी र्है। सुबह से ही शहर और उपनगरों में भारी बारिश हो रही है। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज और बांद्रा इलाकों में भारी बारिश जारी है। कुछ निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है और ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर असर पडऩे की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे ज़रूरी काम के अलावा अपने घरों से बाहर न निकलें। आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी बारिश का अनुमान है।

राज्य के दूसरे हिस्सों में 7 जुलाई तक बारिश की तेज़ी जारी रहने की संभावना है। पिछले २४ घंटों में मुंबई में कुल २०४ एमएम बारिश दर्ज की गई है। इनमें मालबार हिल-146 एमएम फोर्ट-139 एमएम, अंधेरी-136 एमएम, वर्सोवा-129 एमएम, पवई- 124 एमएम, मानखुर्द-118 एमएम,भांडुप-116 एमएम और मुलुंड में 115 एमएम बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव