महाराष्ट्र के २९ जिलों में चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट, समुद्र तट के पास न जाने की चेतावनी
- भारी बारिश से मुंबई और आस-पास के इलाकों में जलभराव
मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को चार दिनों तक सूबे के २९ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मुंबई और आस-पास बीती रात से हो रही भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई है। इसके साथ ही सड़क यातायात भी बाधित हुआ है। मुंबई सहित समुद्र तटीय इलाकों में उंची लहरें उठ रही है, इससे मछुआरों और सैलानियों को समुद्र तट के पास न जाने की चेतावनी दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग केके एस होसालीकर ने आज बताया कि आगामी चार दिनों तक २९ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए मुंबई, मुंबई उपनगर, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदूर्ग, रायगढ़ , ठाणे सहित २९ जिलों के लिए ओरेंज एलर्ट घोषित किया गया हऐ। बारिश की रफ्तार आगामी ८ दिनों तक जारी रहने की भी संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 1 से 30 जून के बीच औसत 133 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल सिर्फ 52 मिमि बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीती रात से हो रही बारिश का असर लोकल ट्रेनों पर पड़ा है। इससे हार्बर रेलवे करीब आधे घंटे तो मध्य रेलवे की लोकलें १५ मिनट देरी से चल रही है। इसी तरह नेरुल-वाशी के बीच ओवरहेड वायर टूटने से हार्बर रेलवे सर्विस में रुकावट आई थीं, जिसे पूर्ववत कर दिया गया है।
मुंबई नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई के कांदिवली, बोरीवली, मलाड, दहिसर, अंधेरी, गोरेगांव समेत सभी इलाकों में बारिश जारी है। भारी बारिश की वजह से गांधी मार्केट, किंगससर्कल, अंधेरी सब वे, मिलन सबवे सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया था, लेकिन मुंबई नगर निगम की टीम ने पंपिंग के सहयोग से जलनिकासी का काम शुरु कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव