(अपडेट) घाटकोपर में पहाड़ी का हिस्सा घरों पर गिरने से सात लोगों की मौत, सात घायल

 

मुंबई, 12 अगस्त, (हि.स.)। घाटकोपर के अशोक नगर में गौसिया चाल के करीब छह घरों पर बुधवार को तडक़े पहाड़ी का हिस्सा धसक कर गिर जाने से हुई घटना में अब तक तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है। मौके पर मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है, इसलिए फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य कर रही है।

मुंबई नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काज़ी (19), लगभग 45 साल के एक अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4), मर्जिना आरिफ शेख (27) और विकेत रमेश यादव (27) के तौर पर की गई है। इस घटना में तीन घायलों फराना दिलबर खान (28), दिलबर अमनुल्ला खान (38) और शमीम मुस्लिम खान (26) को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। चार अन्य घायलों सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) को कुर्ला में नगर निगम के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत भी स्थिर है।

मुंबई नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि प्रभावित इलाके का रास्ता बहुत संकरा। यहां एक बार में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है और भारी मशीनरी लगाना मुश्किल हो रहा है। खोज और बचाव अभियान चल रहा था, जिसमें फायर ब्रिगेड, पुलिस, एनडीआरएफ, एम्बुलेंस सेवा और नगर निगम के वार्ड कर्मचारियों की टीमें मौके पर तैनात की गई हैंं।

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। मेयर ने हर मृतकों के परिवार को तुरंत 4 लाख रुपये और हर घायल व्यक्ति के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। उन्होंने बचाव अभियान में शामिल एजेंसियों को अपनी कोशिशें तेज़ करने और आपस में तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव