सीएम फडणवीस बोले- सूखा पीड़ित किसानों के लिए कल जारी होगा शासनादेश
मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को अमरावती जिले में गुरुवार को कहा कि सूबे में सूखा पीडि़त किसानों के लिए कल ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सूखाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने के बाद अमरावती विमानतल पर पत्रकारों को बताया कि किसानों को सहायता देने के लिए केंद्र सरकार की मदद का इंतजार नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार अपने स्तर पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही केंद्र से सहायता प्राप्त करने के लिए आवश्यक पंचनामा और अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सूखे की स्थिति है, इसलिए किसानों को सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है। आने वाले समय में चारे और पानी की संभावित कमी को देखते हुए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। खाद्यान्न सहायता के साथ किसानों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए भी प्रत्यक्ष सहायता उपलब्ध कराने की योजना है। रबी मौसम में उपलब्ध पानी के आधार पर किन क्षेत्रों में फसलें ली जा सकती हैं, इसकी जांच की जाएगी। रबी फसलों की खेती के लिए किसानों को आवश्यक सहायता देने पर भी विचार किया जाएगा। रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जलसंधारण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। जलस्रोत सूखने के कारण उनमें से गाद निकालने, जलधारण संरचनाएं बनाने तथा जिन तालाबों की मरम्मत आवश्यक है, उनकी पहचान कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में फसलों की स्थिति लगभग समान है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सहायता का धोरण तैयार किया है। किसानों को यह सहायता दीपावली से पहले उपलब्ध कराने का नियोजन किया जाएगा। फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार ने कर्जमाफी की है और इसकी राशि किसानों के खातों में जमा की जा रही है। जिन किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिला है, उन्हें नियमानुसार बैंकों द्वारा कर्ज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि उपज की सरकारी दर पर खरीदी की जाएगी। इसके लिए जल्द ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव