सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की दादी का निधन
मुंबई, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके (77) का शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिला स्थित संतुक पिंपरी में निधन हो गया। वहीं, दीपके को दिल्ली पुलिस ने एक तय विरोध प्रदर्शन के लिए राजधानी पहुंचने पर हिरासत में ले लिया था। अभी तय यह साफ नहीं हो पाया है कि अभिजीत दीपके को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत मिलेगी अथवा नहीं।
सावित्रीबाई शंकर दीपके का इलाज पिछले कुछ दिनों से उनके पैतृक गांव में हो रहा था। जबकि अभिजीत दीपके के पिता भगवान और उनकी मां संभाजी नगर में थे। खबर मिलने के बाद दीपके के माता-पिता, भगवान और अनीता, गांव के लिए रवाना हो गए। इस बात की तुरंत कोई पुष्टि नहीं हुई कि दीपके को रिहा किया जाएगा या अंतिम संस्कार के लिए महाराष्ट्र जाने की इजाज़त दी जाएगी या उन्हें मौत की खबर दी गई है या नहीं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह विमान के उतरने के तुरंत बाद दीपके को विमान के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रंका के साथ मुंबई से गए थे।
सीजेपी, मतदाता सूची के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजऩ' (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव