मुंबई में सीईओ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन
मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के मौके पर मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मुंबई पुलिस ने पहले शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और आयोजकों को वैकल्पिक स्थल का सुझाव दिया था। इसके बावजूद सीजेपी ने आंदोलन जारी रखा।
प्रदर्शन के दौरान शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई और यातायात को नियंत्रित किया गया। सेना भवन से दादर स्टेशन तथा बांद्रा से सीएसटी की ओर जाने वाले मार्ग खुले रखे गए। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह , सिंगर ददलानी, अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी सहित भारी संख्या में लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके से मुलाकात की और दीपके के प्रति अपना समर्थन जताया। प्रदर्शन में युवाओं के अलावा सेवानिवृत्त लोग भी नजर आए। ठाणे से पहुंचे बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक राधिका कृष्णन ने कहा कि वे अपने बच्चों और पोते-पोतियों के भविष्य के लिए आंदोलन में शामिल हुए हैं। राधिका कृष्णन ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
एक युवती उमर खालिद की तस्वीर लेकर भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंची। उसने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उमर खालिद की रिहाई की मांग रखी। सीजेपी की मुख्य मांगों में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर को रोकना और चुनाव प्रक्रिया में सुधार शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव