प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर महाराष्ट्र कैबिनेट ने दी बधाई
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल तक संवैधानिक पद पर रहते हुए जनसेवा करने के अवसर पर महाराष्ट्र कैबिनेट ने बुधवार को बधाई प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 7 अक्टूबर 2001 से 7 अक्टूबर 2026 तक की उनकी जनसेवा की सराहना की गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, समावेशी विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सामाजिक सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों की प्रशंसा की गई। साथ ही, महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से यह संदेश दिया है कि सत्ता जनसेवा का माध्यम है। गरीबों, शोषितों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देकर उन्होंने देश के विकास को नई दिशा दी है। सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए मानक स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘विकसित महाराष्ट्र, विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए कैबिनेट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2029 तक भारतीय अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में महाराष्ट्र ने अपनी अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। महाराष्ट्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख आर्थिक केंद्र बनाने के प्रयासों को केंद्र सरकार के सहयोग से मजबूती मिल रही है। कैबिनेट ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से महाराष्ट्र के विकास को नई गति मिलेगी। कैबिनेट ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप देश के विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके नेतृत्व में भारत एक सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा। साथ ही, महाराष्ट्र ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव