(अपडेट) बीड हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

 


मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के बीड जिले में पंढरपुर-खामगांव हाईवे पर शिंदेवाड़ी जंक्शन के पास रविवार को बस और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जंक्शन पर चक्का जाम कर दिया, जिससे हाईवे पर घंटों यातायात बाधित रहा। माजलगांव ग्रामीण पुलिस की ओर से मामले में कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन वापस ले लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, माजलगांव का एक परिवार कार से तुलजापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिंदेवाड़ी जंक्शन के पास कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस का अगला हिस्सा भी टूट गया। कार में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान ओंकार महादेव गिरी (24), गजानन महादेव नामदास (38), मौली गजानन नामदास (11), सोमनाथ बड़े (23) और अनिल आचार्य (40) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद शिंदेवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिंदेवाड़ी जंक्शन के पास सड़क पर बने उभार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने मीडिया को बताया कि पिछले साल इस हाईवे पर हुए हादसों में करीब 50 से 70 लोगों की जान जा चुकी है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर समय-समय पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं में लोगों की मौत से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने मांग की कि संबंधित प्रशासन सड़क निर्माण के ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव