(अपडेट) महाराष्ट्र के बारामती विधानसभा उपचुनाव में सुनेत्रा पवार की ऐतिहासिक जीत
पुणे, 04 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम घोषित हो चुका है। यहां से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार सुनेत्रा पवार को 2 लाख 18 हजार नौ सौ उनहत्तर मत मिले हैं। उन्होंने 2 लाख 18 हजार 34 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की, जो अब तक की सबसे बड़ी जीत है। उनके 22 प्रतिद्वंद्वियों में से कोई भी 1000 वोटों का आंकड़ा भी नहीं छू पाया है। दूसरे नंबर पर न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रो. आर.वाई. घुटुकाडे को 935 वोट मिले।
इस जीत के साथ सुनेत्रा पवार ने उत्तर प्रदेश की साहिबाबाद सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2022 में सुनील कुमार शर्मा ने 2 लाख 14 हजार आठ सौ पैंतीस वोटों के मार्जिन के साथ जीत का रिकॉर्ड बनाया था। सुनेत्रा पवार ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए बारामती में नया इतिहास रच दिया है।
इस बंपर जीत पर सुनेत्रा पवार ने बारामती की जनता, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि मैं बारामती के सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करती हूं। आपने मुझ पर जो भरोसा, प्यार और समर्थन दिखाया है, वह अनमोल है। यह अजित पवार के बाद पहला चुनाव है। उनके मार्गदर्शन और उनकी शारीरिक उपस्थिति से जो खालीपन आया है, वह आज सबसे ज़्यादा महसूस हो रहा है। मेरे लिए यह जीत सिर्फ़ एक राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि अजीत पवार के काम और उनकी याद को दी गई एक सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने महाराष्ट्र और बारामती के लिए जो काम किया, जनता के साथ उनका जो गहरा जुड़ाव था और विकास को लेकर उनका जो नजरिया था- ये सब आज भी हर किसी के दिल में गहरे बसे हुए हैं। यह उनके ही विचार और मूल्य हैं जो मुझे आगे बढ़ने की हिम्मत देते रहते हैं।
सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ आपके अथक प्रयासों की वजह से ही संभव हो पाई है। उन्होंने अपील की कि जोर-शोर से जश्न मनाने के बजाय, हम अपनी जीत का जश्न अपने काम के जरिए मनाएं। पवार ने कहा कि मैं यह प्रण लेती हूं कि बारामती की जनता ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसे मैं कभी टूटने नहीं दूंगा।
उल्लेखनीय है कि अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। इसके बाद खाली हुई बारामती सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा, जिसमें कुल 23 उम्मीदवार मैदान में थे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह