केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में दिल्ली की जनता को बताएगी भाजपा

 


- दिल्ली भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी ने की समीक्षा

नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की सात लोक सभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विशेष योजना तैयार कर ली है। इसके तहत भाजपा मौजूदा केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में दिल्ली के प्रत्येक व्यक्ति को बताएगी। इसके साथ ही चुनाव प्रचार को सकारात्मक रखने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को दिल्ली भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी ने सभी सातों उम्मीदवारों, चुनाव संचालन समिति प्रमुखों एवं सदस्यों के साथ तीन विस्तृत बैठकों में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए दिल्ली चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह चुनाव देश को नई विकास यात्रा से जोड़ने का चुनाव है और सारे देश के कार्यकर्ताओं की तरह दिल्ली के कार्यकर्ताओं को भी अपना पूर्ण समर्पण इस चुनाव प्रचार में देना होगा। सह प्रभारी डा. अल्का गुर्जर ने कहा कि दिल्ली के कार्यकर्ता अनुभवी कार्यकर्ता हैं और यह चुनाव केवल भाजपा को विजयी बनाने का चुनाव ही नहीं बल्कि देश को विकास की राह से जोड़ने का चुनाव है।

इस मौके पर वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव जहां हमें प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय उत्थान के संकल्प को सफल बनाने का मौका दे रहा है वहीं इस लोकसभा चुनाव में भाजपा की निर्णायक जीत सुनिश्चित कर हमें 2025 विधानसभा चुनाव की जीत की नींव रखनी है।

प्रदेश प्रभारी एवं अन्य नेताओं के साथ आज की पहली बैठक में सभी सातों लोकसभा उम्मीदवार मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, प्रवीण खंडेलवाल एवं बांसुरी स्वराज शामिल थीं। ओम प्रकाश धनखड़ ने लोकसभा चुनाव के लिए बनाई गई सभी 41 चुनाव समितियों के प्रमुखों से उनकी कार्य योजना पर व्यक्तिगत चर्चा की और अपने सुझाव भी दिये।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल