मंत्रालय के प्रयास से 3 हजार उमराह तीर्थयात्री स्वदेश लौटे

 


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण उड़ान सेवाओं के बाधित होने से प्रभावित तीर्थयात्रियों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले सप्ताह लगभग 3,000 फंसे हुए उमराह तीर्थयात्री उपलब्ध उड़ानों से सऊदी अरब से भारत वापस आ चुके हैं। इसके अतिरिक्त, 10,000 से अधिक सामान्य उमराह तीर्थयात्री भी उपलब्ध उड़ानों में भारत वापस आ चुके हैं। अन्य तीर्थयात्रियों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

इससे पहले एआईएमआईएम नेता एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक पोस्ट में दावा किया था कि इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया द्वारा वापसी उड़ानें रद्द करने के बाद लगभग 4,000 भारतीय उमराह तीर्थयात्री मक्का और मदीना में फंसे हुए हैं। उन्होंने डीजीसीए से बड़े विमानों को अनुमति देने या विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने का आग्रह किया और यात्रा एजेंटों द्वारा उड़ानें रद्द किए जाने का भी उल्लेख किया।

उल्लेखनीय है कि मध्य पूर्व में तनाव बढ़ रहा है और यमन के हूती विद्रोही सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं। इसके कारण वहां उड़ान सेवायें बाधित हैं। भारतीय एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से प्रमुख सऊदी शहरों के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक निलंबित कर दी हैं।

मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास, सामुदायिक स्वयंसेवकों के सहयोग से हर संभव कल्याणकारी सहायता प्रदान कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और नियमित रूप से सलाह जारी की जा रही है।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के 24 घंटे सातों दिन नियंत्रण कक्ष संचालित कर रहा है। इनके संपर्क विवरण हैं:-

रियाद स्थित भारतीय दूतावास: टेलीफोन: +966-554412016; +966-542126784 टोल-फ्री: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल) व्हाट्सएप: +966-536216082 (केवल संदेश)।

जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास: टेलीफोन: +966-12-2614093; +966-556122301 व्हाट्सएप: +966-536209704 (केवल संदेश)।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा