यमन तट पर हुए घटनाक्रम में सभी 14 भारतीय सुरक्षित
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने शुक्रवार पुष्टि की कि यमन के तट पर हुई एक घटना में शामिल नौका पर सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और होदेइदाह में मौजूद हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “हम संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं। हमें पता चला है कि सभी 14 भारतीय नागरिक होदेइदाह में सुरक्षित हैं। हम विदेशों में अपने नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया था कि सऊदी अरब की सेना ने बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य के पास लाल सागर में जबल ज़ुकार द्वीप के पास नौका पर हमला किया था और उसकी ओर से चालक दल को बचा लिया गया है। हालांकि सऊदी अधिकारियों ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
उल्लेखनीय है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच क्षेत्रीय तनाव की स्थिति है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा