ईरान और खाड़ी देशों में जारी घटनाक्रम पर भारत ने जताई गहरी चिंता

 


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। भारत ने शनिवार को ईरान और खाड़ी देशों में जारी घटनाक्रम पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से संयम बरतने और संवाद एवं कूटनीति से समाधान तलाश की अपील की है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हमारे दूतावास क्षेत्र में भारतीय नागरिकों से संपर्क बनाए हुए हैं और उन्हें जरूरी परामर्श दे रहे हैं। इसमें उनसे सतर्क रहने, दूतावास से जुड़े रहने और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल ने आज ईरान के सरकारी और सैन्य नेतृत्व को निशाना बनाते हुए हमले किए हैं। वहीं इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं।

इसी बीच रूस ने अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमले को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन और उकसाने वाला बताया है। मास्को ने वाशिंगटन और तेल अवीव पर पश्चिम एशिया को अस्थिर करने और क्षेत्रीय गतिरोध बढ़ाने के आरोप लगाया है।

रुस का कहना है कि इस तरह के हमले क्षेत्रीय परिस्थितियों को बिगाड़ सकते हैं। रूसी विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र से जल्द से जल्द स्थिति का जायजा लेने और रणनीति समाधान तलाशने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा