बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को बिम्सटेक अध्यक्ष के नाते ब्रिक्स निमंत्रण दिया गयाः विदेश मंत्रालय

 

नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। विदेश मंत्रालय का कहना है कि भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र के लिए बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में विशेष निमंत्रण दिया है। इससे पहले फरवरी 2026 में उनके पदभार ग्रहण करने पर भी उन्हें द्विपक्षीय यात्रा का निमंत्रण दिया गया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि ब्रिक्स की मानक प्रथा के तहत आसियान या अन्य क्षेत्रीय समूहों के प्रमुखों को संपर्क गतिविधियों में शामिल किया जाता है।

प्रवक्ता ने कहा, “बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को फरवरी 2026 में पदभार ग्रहण करने पर भारत की द्विपक्षीय यात्रा का औपचारिक निमंत्रण दिया गया था। भारत ने बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र में भाग लेने के लिए अलग से निमंत्रण दिया है। यह निमंत्रण ब्रिक्स में संपर्क सत्रों के लिए अपनाई जाने वाली मानक प्रथा के अनुसार दिया गया है। अन्य क्षेत्रीय समूहों के प्रमुखों को भी इसी प्रकार आमंत्रित किया गया है।”

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश की ओर से अभीतक निमंत्रण स्वीकार नहीं किया गया है। इसी साल फरवरी में पड़ोसी देश में सत्ता संभालने के बाद वे मलेशिया और चीन की यात्रा कर चुके हैं और भारत नहीं आए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा