दिल्ली की सड़कों के गड्ढे अब जल्द भरेंगे, नगर निगम और सीआरआरआई ने किया समझौता

 


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। दिल्ली की सड़कों को बेहतर और गड्ढामुक्त बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम और केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत सड़कों की गुणवत्ता की जांच, निर्माण कार्य की निगरानी और इंजीनियरों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस समझौते के साथ ही “इकोफिक्स” नामक नई तकनीक को अपनाने का भी फैसला किया गया है। यह तकनीक सड़कों के गड्ढों को तेजी से और अधिक मजबूती के साथ भरने में मदद करेगी।

इस मौके पर निगम आयुक्त संजीव खीरवार ने कहा कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से सड़कों की मरम्मत तेज और टिकाऊ होगी, जिससे लोगों को बेहतर सड़कें मिलेंगी।

वहीं, सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. चौधरी रवि शेखर ने बताया कि इकोफिक्स तकनीक में स्टील उद्योग से निकलने वाले स्लैग (औद्योगिक अवशेष) का उपयोग किया जाता है। इससे न सिर्फ गड्ढों की मरम्मत मजबूत होती है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों की बचत और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक के उपयोग से गड्ढों की मरम्मत जल्दी होगी।

इसके साथ सड़कें अधिक समय तक टिकेंगी औरसड़क की धूल और प्रदूषण कम होगा।

उन्होंने बताया कि इस तकनीक से रखरखाव पर होने वाला खर्च घटेगा और औद्योगिक कचरे का उपयोग कर पर्यावरण को लाभ मिलेगा।

यह पहल दिल्ली में मजबूत, सुरक्षित और नागरिकों के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी