मॉरीशस के राष्ट्रपति ने लॉन्च किया डॉ. ईशान शिवानंद का 'कम्पैशन यूनाइट्स' एलायंस
- मानसिक स्वास्थ्य मिशन में यूके और दक्षिण अफ्रीका के साथ जुड़ा
पोर्ट लुई/जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल ने स्टेट हाउस (राष्ट्रपति भवन) में आयोजित कार्यक्रम में आधिकारिक तौर पर ‘कम्पैशन यूनाइट्स-क्रॉस सेक्टर एलायंस’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान से जुड़े आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं मानसिक स्वास्थ्य शोधकर्ता डॉ. ईशान शिवानंद के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा दे रही है।
डॉ. ईशान शिवानंद का यह मॉरीशस के स्टेट हाउस में दूसरा आधिकारिक आमंत्रण था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में राष्ट्रपति ने कहा कि बढ़ते तनाव और सामाजिक अकेलेपन के दौर में मानसिक स्वास्थ्य को केवल चिकित्सकीय विषय के रूप में नहीं देखा जा सकता। सरकार, उद्योग, शिक्षण संस्थानों और धार्मिक संगठनों की साझेदारी से इसे राष्ट्र निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाना आवश्यक है।
राष्ट्रपति ने कहा कि ‘कम्पैशन यूनाइट्स’ पहल विभिन्न क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर भावनात्मक स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। इस राजकीय शुभारंभ के साथ मॉरीशस भी उन देशों में शामिल हो गया है, जहां इस पहल को संस्थागत स्तर पर अपनाया गया है। इससे पहले यूनाइटेड किंगडम और दक्षिण अफ्रीका में भी इस पहल को बढ़ावा दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि यह गठबंधन केवल नीतिगत स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में 11 जुलाई को मॉरीशस में ‘चैंपियंस ऑफ कम्पैशन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत आयोजित होने वाली ‘कुन खमेर चैंपियनशिप’ के माध्यम से खिलाड़ियों को मेंटरशिप और छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के साथ करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेशवाहक बन सकें।
कार्यक्रम में कहा गया कि ध्यान और योग जैसी भारतीय परंपराओं को सामाजिक नीति और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयास वैश्विक स्तर पर नई सोच विकसित कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने डॉ. ईशान शिवानंद के कार्यों को मानव विकास और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर