सूरत में पावर बैंक ब्लास्ट, यूट्यूबर का घर जलकर राख
सूरत, 28 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर 'लिटिल ग्लव्स' के नाम से मशहूर कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर शिवानी कपिला के सूरत के जहांगीरपुरा स्थित घर में पावर बैंक ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में उनके यूट्यूब के प्रतिष्ठित डायमंड, गोल्डन और सिल्वर प्ले बटन, महंगे सामान और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
शिवानी ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि घटना के समय वह अपनी सास को तेज बुखार के कारण अस्पताल लेकर गई थीं। घर पर उनके पिता मौजूद थे। इसी दौरान बेडरूम में चार्जिंग पर लगे एक वायरलेस पावर बैंक में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे पूरे कमरे में आग फैल गई।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें आग लगने की सूचना मिली तो पहले लगा कि मामूली घटना होगी, लेकिन घर पहुंचकर देखा कि पूरा कमरा जल चुका था। आग इतनी भीषण थी कि कमरे में लगा एयर कंडीशनर तक पिघल गया। उनके महंगे कपड़े, बैग, एक्सेसरीज़, अलमारी, बेटी आध्या की बचपन की यादें और यूट्यूब से मिले डायमंड, गोल्डन और सिल्वर प्ले बटन भी आग की भेंट चढ़ गए।
पालतू डॉग 'कोको' का चमत्कारिक बचाव
हादसे के समय शिवानी का पालतू डॉग 'कोको' भी उसी कमरे में बंद था। कमरे में एसी चलने के कारण उसे वहीं रखा गया था। आग लगने के बाद शिवानी के पिता और उनके मैनेजर राजीव ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और धुएं के बीच से कोको को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कोको को केवल हल्की चोट और कुछ बाल झुलसने के अलावा कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।
'मेरी पूरी दुनिया पलभर में बिखर गई'
वीडियो में भावुक होकर शिवानी ने कहा कि उन्होंने एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर अपनी मेहनत और वर्षों की कमाई से अपने सपनों का घर बनाया था, लेकिन एक पावर बैंक ब्लास्ट ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी। उन्होंने कहा, एक-एक तिनका जोड़कर बनाया मेरा सपना मेरी आंखों के सामने राख हो गया।
लोगों से खास अपील
शिवानी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कभी भी पावर बैंक या मोबाइल फोन को बिस्तर पर या सिरहाने रखकर चार्ज न करें। उन्होंने कहा कि आजकल घरों में अधिकतर सामान सिंथेटिक होता है, जिससे आग बहुत तेजी से फैलती है और एक छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि आग के बाद कमरे में फैले जहरीले कार्बन मोनोऑक्साइड धुएं के कारण उन्हें, उनके पिता और मैनेजर को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। फिलहाल पूरा परिवार इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे