वासद-रनोली रेलखंड पर मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द और प्रभावित
वडोदरा, 25 मई (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में वासद और रनोली स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 624 की अप लाइन पर री-गर्डरिंग कार्य के लिए 27 मई, बुधवार को मेगा ब्लॉक किया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 11:15 बजे से शाम 4:45 बजे तक कुल 5 घंटे 30 मिनट के लिए रहेगा। इसके चलते वडोदरा मंडल से चलने और गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार कुछ ट्रेनों को पूर्ण रूप से निरस्त किया गया है। इनमें 27 मई को चलने वाली ट्रेन संख्या 19036 मणिनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 19035 वडोदरा-मणिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 12930 वडोदरा-वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। ये तीनों ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 22960 जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। यह ट्रेन अहमदाबाद स्टेशन तक ही संचालित होगी और अहमदाबाद से वडोदरा के बीच का सफर रद्द रहेगा।
मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों का समय भी बदला गया है। ट्रेन संख्या 12010 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस को 40 मिनट रिशेड्यूल किया गया है।
वहीं कई ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित (रेगुलेट) किया जाएगा। इनमें ट्रेन संख्या 16533 भगत की कोठी-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 55 मिनट, ट्रेन संख्या 12477 जामनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 50 मिनट तथा ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस 55 मिनट तक रेगुलेट रहेगी।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे