मणिपुर में दाे उग्रवादी एवं दाे शराब तस्कर गिरफ्तार, हथियार बरामद

 


इंफाल, 07 जून (हि.स.)। मणिपुर में शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बल लगातार उग्रवादियों, मादक पदार्थ तस्करों के खिखाफ अभियान चला रहे हैं। इस दौरान आए दिन हथियारों की बरामदगी तथा गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार, शनिवार काे मणिपुर पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले के हिंगांग थानांतर्गत फिजाम लेइराक से दो लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब बरामद किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान हिजाम ओंगबी टोम्बी (48) और हिजाम मंगल (24) के रूप में की गयी है। दोनों सेकमाई बाज़ार के रहने वाले हैं। उनके पास से एक सिल्वर रंग की चार-पहिया गाड़ी (एमएन-01एक्स-4717) और 117 लीटर डीआईसी शराब जब्त किया गया है।

वहीं 05 जून को सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत भारत-म्यांमार सीमा पर बॉर्डर पिलर 72 और बॉर्डर पिलर 73 (चोनजांग सीओबी से 12 किमी दक्षिण) के बीच के इलाके से हथियार एवं विस्फोटक बरामद किया। जिसमें मुख्य रूप से एक देसी लाथोड गन, मैगज़ीन के साथ एक 9एमएम पिस्तौल, मैगज़ीन के साथ एक .22 यूएसए पिस्तौल, चार रेडियो सेट और चार आईईडी (बचे हुए हिस्से) शामिल हैं।

इसी बीच 05 जून को सुरक्षा बलों ने थोउबल जिले के लिलोंग थानांतर्गत स्टोन क्रशर इलाके के पास वैथोउ सांगोमसांग से आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सनासम सनामातुम मैतेई उर्फ टोम्पोक उर्फ वनमैन (32), येंगकोकपम प्रेमचंद सिंह उर्फ चिंगसांगलाक्पा (26) के रूप में की गयी है। उनके पास से एक दो-पहिया गाड़ी (एमएन-01एल-8210) जब्त की गई।

दूसरी ओर कोटलेन में हाल ही में हुई हिंसा का असर आस-पास के इलाकों में न फैले, इसके लिए सुरक्षा बलों ने बीते शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 202 और 102ए के किनारे लिटन, महादेव और सिनाकेइथेल के आस-पास के इलाकों में अचानक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। दोनों समुदायों के गांवों में संयुक्त रूप से गश्त की गई और बंकरों का पता लगाकर उन्हें नष्ट किया गया। गांव के अधिकारियों और नागरिक समाज संगठनों (सीएसओएस) से ज़रूरी सहयोग मांगा गया और उन्हें भरोसा दिलाया गया कि किसी भी खतरे को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा बल मौजूद रहेंगे। उनसे यह भी अनुरोध किया गया कि वे अपने युवाओं को समझाएं कि वे दूसरी जगहों पर हुई घटनाओं से प्रभावित होकर अपने गांवों के पास हिंसा में शामिल न हों।

स्थानीय लोगों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ हाईवे पर सुरक्षित आवाजाही बनाए रखने के लिए ये अभियान जारी रहेंगे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय