मणिपुर में वसूली के मामलों में तीन उग्रवादी कैडर गिरफ्तार
इंफाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन सक्रिय सदस्यों और कैडरों को वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार काे बताया कि गुरुवार को सीडीओ-बिष्णुपुर की टीम ने खाबी मायाई लीकाई निवासी संजेनबम संजू सिंह (27) को गिरफ्तार किया। वह एस. टोम्बा सिंह का पुत्र है और प्रतिबंधित संगठन पीआरई-पीएके (प्रो) का सक्रिय सदस्य बताया गया है। उसे वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में पकड़ा गया।
एक अन्य अभियान में सीडीओ-बिष्णुपुर ने लैशराम रोहित मैतेई (22) को कुंबी सागोलपत इलाके से गिरफ्तार किया। वह चुराचांदपुर जिले के तुइबोंग मीतेई लीकाई निवासी एल. अमु मीतेई का पुत्र है और वर्तमान में लईसोई राहत शिविर में रह रहा था। उसे भी वसूली गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इसी दिन सीडीओ यूनिट, काकचिंग और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने वाईखोंग थाना क्षेत्र के तहत उसके आवास से खुमुकचम रमेश मीतेई उर्फ पंथुंग (46) को गिरफ्तार किया। वह काकचिंग खुनौ उमाथेल निवासी खुमुकचम बिरामंगोल मैतेई का पुत्र है और यूएनएलएफ (एमपीए) पामबेई समूह का सक्रिय कैडर बताया गया है। उसे वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश