मणिपुर में तीन पीएलए, दो प्रीपाक एवं एक प्रीपाक (प्रो) समेत 6 उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 25 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चलाए गये अभियान के दौरान तीन पीएलए, दो प्रीपाक एवं एक प्रीपाक (प्रो) उग्रवादी संगठन के कुल 6 कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस ने बताया कि बीते मंगलवार को सुरक्षा बलों ने तेंगनोपाल जिले के मोरे थानांतर्गत यांगोबुंग के बीच बार्डर पोस्ट (बीपी) 72-73 के सामान्य क्षेत्र से पीएलए के तीन कैडर और प्रीपाक (प्रो) के एक कैडर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों की पहचान इंफाल ईस्ट जिले के ताकेल माखा लाईकाई निवासी पीएलए कैडर चालम्बा ताक्खेलम्बम (23), इंफाल ईस्ट जिला आइंगांगपोकी निवासी पीएल कैडर सौग्राकपम ओजित (33), काकचिंग जिला के चाइरन माखा लाईकाई निवासी पीएलए कैडर सोरोकाइबम मणिमातुम (18) और इंफाल ईस्ट जिला के नॉन्गमेइबुंग निवासी प्रीपाक (प्रो) कैडर याम्बेम लुखोई (21) के रूप में की गयी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक के एक सक्रिय कैडर सोरोखाईबम इनावटों सिंह उर्फ नोजान (39) को गिरफ्तार किया गया। उसे इंफाल वेस्ट जिला के लमसांग थानांतर्गत लमसांग थोंग मैनिक स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया गया।
जबकि, तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक के एक सक्रिय कैडर सागोल्शेम जॉन सिंह (43) को पकड़ा गया। वह थौबल जिला के थोउबल हाओखा मामांग लाइकाई का निवासी है। उसे उसके आवास वाले क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड, एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय