मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादी गिरफ्तार

 


इंफाल, 07 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने 06 अगस्त को अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य कार्रवाई में 139 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।

मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार काे बताया कि सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर उशाम रोजित कुमार उर्फ अमुजाओ (20) को काकचिंग जिले के सुगनू थाना क्षेत्र स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। वह कोर्शांताबी मानिंग लैकाई का निवासी है।

एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय सदस्य एवं कथित रंगदारी वसूलीकर्ता हेसनाम लीबानंद सिंह उर्फ पिशुमंगाकपा (43) को इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। वह पिशुमथोंग ओइनाम लैकाई का निवासी है।

इसी दिन लिलोंग थाना पुलिस की टीम ने वाहन जांच अभियान (एमवीसीपी) के दौरान मयांग इंफाल कोंचक निवासी डोलाइपाबम आसिफ हुसैन (19) के कब्जे से 139 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की। आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश