मणिपुर में उग्रवादी कैडर समेत कई गिरफ्तार, ड्रग्स और विस्फोटक बरामद
इंफाल, 13 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियानों में कथित जबरन वसूली में शामिल उग्रवादी कैडरों और ड्रग्स तस्करों समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियानों के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, विस्फोटक और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
12 अगस्त को विशेष सूचना के आधार पर थौबल सीडीओ की टीम ने खोंगजोम थाना क्षेत्र के सपाम इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान केवाईकेएल के कथित सक्रिय कैडर और जबरन वसूली में शामिल 41 वर्षीय चोंगथाम प्रेमचंद सिंह को गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस की टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के खाबाम लामखाई से लैरौचिंग, सेनापति करोंग निवासी 26 वर्षीय लक्ष्मण रसाइली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप की 1,908 बोतलें और एनएल 01एजी 0746 नंबर का टाटा ट्रक बरामद किया गया।
थाना की एक अन्य टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के कीराओ माकटिंग अवांग लीकाई निवासी 44 वर्षीय अहमद हुसैन को इरिलबुंग इलाके से गिरफ्तार किया। उसके पास से 45 ग्राम संदिग्ध हेरोइन पाउडर बरामद हुआ।
हियांगलम थाना क्षेत्र के काकचिंग जिले में हियांगलम बशिखोंग मरिल, खोईदुम्पत इलाके में तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 1.5 किलो प्लास्टिक विस्फोटक, 14 डेटोनेटर और लगभग 12 इंच सेफ्टी फ्यूज बरामद किया।
चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने लोअर मिशन वेंग, हियांगतम लामका इलाके में एक वाहन को रोककर 43 वर्षीय थांगलामखुप मनलुन को गिरफ्तार किया। उसके पास से संदिग्ध ब्राउन शुगर से भरे 33 साबुन के डिब्बे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 474 ग्राम था। मौके से एमएन06 एल 3170 नंबर की हुंडाई क्रेटा भी जब्त की गई।
इंफाल ईस्ट में सीडीओ की टीम ने 2 जैक ली के समन्वय से कोंगबा लैरेनपत से 23 वर्षीय येन्सेम्बम अनाओ मैतेई को गिरफ्तार किया। उसे केसीपी(एमएफएल) का कथित सक्रिय कैडर और जबरन वसूली में शामिल बताया गया है।
इससे पूर्व, हेइंगांग थाना और सीडीओ इंफाल ईस्ट की संयुक्त टीम ने मणिपुर के मंत्रीपुखरी बाजार में मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान मोहम्मद अकिलुर रहमान (28), अरिबाम इफ्तार (21) और एमडी इकबाल खान (44) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कोडीन आधारित प्रतिबंधित पदार्थ की 142 बोतलें तथा आई20 कार बरामद की गई।
दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर चुराचांदपुर थाना पुलिस ने कांगवई इलाके से चोरी की गई काले रंग की हुंडई बरामद कर उसे दिल्ली पुलिस की उत्तम नगर थाना टीम को सौंप दिया।
इसी दिन सीडीओ इंफाल ईस्ट ने महिला पुलिसकर्मियों और 28 असम राइफल्स के समन्वय से सेक्टा अवांग लीकाई से 27 वर्षीय ओइनाम (ओंगबी) टेंडेन देवी को कथित ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके पास से 22.75 किलोग्राम संदिग्ध गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश