मणिपुर में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, हेरोइन जब्त, कई उग्रवादी कैडर गिरफ्तार
इम्फाल, 05 जून, (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया, मादक पदार्थ जब्त किए तथा विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े कई सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया।
शुक्रवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इम्फाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत कामेंग मामांग लैकाई और आसपास के इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके राइफल, एक इंसास राइफल, छह बोल्ट एक्शन सिंगल बैरल बंदूकें, नौ पिस्तौल, एक इंसास एलएमजी मैगजीन, 13 एके कारतूस, चार इंसास कारतूस तथा .380 बोर के 310 कारतूस बरामद किए।
इसी दिन इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले के कियामगेई ओइनाम लौकों निवासी दो यात्रियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 4.09 किलो संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सैयद साबिर अली (26) और खुथेइबाम साबिर अहमद (24) के रूप में हुई है।
एक अन्य मामले की जांच में मणिपुर पुलिस ने मणिपुर रिवोल्यूशनरी आर्मी (एमआरए) की दो सक्रिय महिला कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान फिजाम सोनिया देवी उर्फ थोइबी उर्फ लुखोइबी (25) तथा युरेम्बाम मेइतेइलैमा उर्फ मचान उर्फ अबेम्मा (23) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ताक्येल लेन नंबर-9 क्षेत्र में रह रही थीं।
उधर, पुलिस ने एक अलग अभियान में एमआरए के सक्रिय कैडर खांगेम्बाम अमितकुमार सिंह उर्फ लामजिंगबा (39) को इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र स्थित चिंगा माखोंग क्रॉसिंग से गिरफ्तार किया।
सुरक्षा बलों ने यूनाइटेड रिवोल्यूशनरी फ्रंट (यूआरएफ) के सक्रिय सदस्य अंगोम इमो मैतेई उर्फ फादर (59) को इम्फाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के कांगला सांगोमशांग क्रॉसिंग से गिरफ्तार किया। इसके बाद सावोम्बुंग खुंजाओ पुल के निकट इरिल नदी के तट पर चलाए गए तलाशी अभियान में एक एसबीबीएल राइफल, 17 कारतूस, पांच एमके-80 बम, एक वायरलेस सेट, दो आंसू गैस के गोले, एक बुलेटप्रूफ जैकेट तथा एक बुलेटप्रूफ हेलमेट बरामद किया गया।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के सक्रिय कैडर सनासम सैमसन (26) को इम्फाल पूर्व जिले के हुइद्रोम नातुम चिंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक 36 एचई हैंड ग्रेनेड, चार खाली कारतूस, चार प्रक्षेप्य तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने, अवैध हथियारों की बरामदगी और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षा बलों के अभियान लगातार जारी हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश