मणिपुर में कई उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार एवं गोला-बारूद बरामद

 


इंफाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के दौरान बीते 24 घंटों के दौरान कई उग्रवादियों को गिरफ्तार करने के साथ ही हथियार एवं गोलाबारूद बरामद किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार काे जारी आधिकारिक बयानों के अनुसार, बीते सोमवार को एंड्रो थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में, पक्की खुफिया जानकारी के आधार पर सीडीओ/इंफाल ईस्ट, एंड्रो थाना और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने इंफाल ईस्ट के थंबलनु मार्केट से मो. शम्सुदुहा उर्फ ईटन (23) को गिरफ्तार किया।

आरोपित पर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक की गैर-कानूनी खरीद-फरोख्त में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। जांच से पता चला कि जुलाई, 2026 में उसने दो महिलाओं के ज़रिए एक हैंड ग्रेनेड अपने एक साथी को 10 हजार रुपये में बेचने के लिए सप्लाई किया था। आरोपित को आगे की ज़रूरी कानूनी कार्रवाई के लिए एंड्रो थाना को सौंपा गया है।

इसी दिन खुफिया जानकारी पर, हेंगलेप थाना और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने कुकीमुन गांव के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इलाके की तलाशी लेने पर टीम को मिले हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटकों मुख्य रूप से दो 09 एमएम सीएमजी, मैगज़ीन के साथ 09 एमएम की तीन पिस्तौल, सात सिंगल बैरल बोल्ट एक्शन गन, 0.22 एमएम लाइव पांच राउंड, दो इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार (पंपी), एक नंबर 36 हैंड ग्रेनेड, एक मोर्टार बम शामिल है। सभी आपत्तिजनक चीज़ों को ज़ब्त कर हेंगलेप थाने को सौंप दिया गया।

वहीं एक अन्य अभियान के दौरान म्यांमार में भर्ती और तस्करी में शामिल उग्रवादी संगठन प्री-पाक (प्रो) कैडरों की गिरफ्तारी हुई। बीते चार अक्टूबर को, सीडीओ यूनिट, काकचिंग की एक संयुक्त टीम ने सोरा बाज़ार में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया और प्री-पाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर, मो. सिद्दीकी (26) को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक सिल्की सिल्वर रंग की इको वैन (एएस-12एई-8287) और एक नकली आधार कार्ड बरामद किया।

जांच से पता चला है कि वह नए भर्ती हुए कैडरों के लिए नकली आधार कार्ड का इंतज़ाम करके, ज़ब्त की गई इको वैन से उन्हें म्यांमार पहुंचाने में शामिल था।

इसके बाद की कार्रवाई में, सीडीओ यूनिट और काकचिंग की संयुक्त टीम ने काकचिंग लमखाई में काले रंग की थार गाड़ी (एएस-01जीडब्ल्यू-6411) को रोका और ड्राइवर को गिरफ़्तार किया। ड्राइवर की पहचान शेखर (45) के रूप में हुई है। वह प्री-पाक (प्रो) का सक्रिय सदस्य है। उसे नए भर्ती हुए कैडरों को म्यांमार पहुंचाने का काम सौंपा गया था। गिरफ़्तार लोगों और ज़ब्त की गई चीज़ों को आगे की ज़रूरी कार्रवाई के लिए काकचिंग पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

एक अन्य अभियान में बीते चार अक्टूबर को खुफिया जानकारी के आधार पर, सीडीओ/इंफाल ईस्ट ने सोरा बाज़ार, काकचिंग में एक ऑपरेशन चलाया और हाफ़िज़ तापसीर (23) को गिरफ़्तार किया, जो मयांग इंफाल बेंगुन अवांग लीकाई का रहने वाला है। उसके पास से 10 साबुनदानी में संदिग्ध हेरोइन नंबर चार, 41,000 रुपये नकद, एक होंडा एक्टिवा बरामद किया गया। शुरुआती जांच से पता चला कि उसने थोउबल के एक साथी के कहने पर मोरेह से 4 लाख रुपये में हेरोइन ली थी और उसे आगे पहुंचाने के लिए इंफाल ले जा रहा था।

आरोपित और ज़ब्त की गई चीज़ों को आगे की ज़रूरी कानूनी कार्रवाई के लिए काकचिंग पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय