अवैध हथियार तस्करी, एनडीपीएस और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ मणिपुर में बड़ी कार्रवाई
इंफाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने 29 जुलाई को अलग-अलग अभियानों में अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल दो महिलाओं, एनडीपीएस अधिनियम के एक आरोपित तथा प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की एक सक्रिय महिला कैडर को गिरफ्तार किया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र के शांता बाजार से रुहिदा बेगम (46) और रोहाना बेगम (18) को गिरफ्तार किया। दोनों पर अवैध रूप से हथियार और विस्फोटकों की खरीद, परिवहन और बिक्री में शामिल होने का आरोप है। उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया, जिसे वे कथित तौर पर एक संभावित खरीदार को बेचने लाई थीं।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने सेनापति थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामले के आरोपित आदित्य ढकाल (25) को कांगपोकपी जिले के मोतबुंग के निकट चरहजारे क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह कांगपोकपी जिले के पानीखेती इरांग पार्ट-द्वितीय का निवासी है।
इसी दौरान सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की सक्रिय महिला कैडर लुवांगथेम रोनिता देवी उर्फ टोरो (24) को इंफाल पूर्व जिले के पोरोम्पत थाना क्षेत्र के खुराई हेइख्रुमाखोंग इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश