म्यांमार में जलाए गये कुकी गांव को मणिपुर का बताने वाले पोस्ट का पुलिस ने किया पर्दाफाश

 

इंफाल, 13 मई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिस घटना को मणिपुर से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, वह वास्तव में पड़ोसी देश म्यांमार की है और उसका भारत से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 12 मई की दोपहर करीब 3 बजे मोलनोई कुकी गांव में घरों में आग लगाए जाने की खबरें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित की गईं। मामले की जांच के बाद प्रशासन ने बताया कि मोलनोई कुकी गांव म्यांमार में स्थित है। यह गांव मणिपुर के कामजोंग जिला में सीमा स्तंभ (बीपी) संख्या 113 से लगभग 2 किलोमीटर दूर है।

पुलिस मुख्यालय ने कहा कि इस घटना को मणिपुर से जोड़कर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खबर या पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

बयान में यह भी कहा गया कि राज्य में सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भ्रामक और असत्य सूचनाएं फैलाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा बल सतर्कता के साथ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय