मणिपुर : कांगपोकपी में बंदूकधारियों ने की तीन ग्रामीणाें की हत्या, घरों और वाहनों में लगायी आग
कांगपोकपी (मणिपुर), 05 जून (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार तड़के हुए एक सशस्त्र हमले में तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई घरों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में अतिरिक्त जवान तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लेने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, कांगपोकपी जिले के न्यू केइथेलमानबी क्षेत्र अंतर्गत लोइबोल खुल्लेन गांव में शुक्रवार सुबह करीब चार बजे भारी हथियारों से लैस बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। हमलावर कथित तौर पर गांव में घुस गए और सो रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मंगलुंग हाओकिप के पुत्र लेटखोंगाम हाओकिप (34), उनकी पत्नी टिनमेरी टुबोई हाओकिप (25) तथा सेइखोहाओ हाओकिप के पुत्र जांगमेंटाल हाओकिप (30) के रूप में हुई है। तीनों स्थानीय निवासी थे और हमले के समय अपने घरों में मौजूद थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बंदूकधारियों के हमले के बाद ग्रामीणों ने अपने घराें काे छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। वहीं, घरों के अलावा एक जिप्सी और एक महिंद्रा बोलेरो पिक-अप वैन को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने अभी तक नुकसान का विस्तृत आधिकारिक आकलन जारी नहीं किया है।
इस बीच, कूकी इनपी मणिपुर (केआईएम) तथा कूकी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (केएसओ), दक्षिण-पश्चिम सदर हिल्स ब्लॉक ने अलग-अलग बयान जारी कर इस हमले की कड़ी निंदा की है। संगठनों ने आरोप लगाया है कि एनएससीएन-आईएम, जेडयूएफ (के) और जेडयूएफ-कैमसन के भारी हथियारों से लैस कैडरों ने इस हमले को अंजाम दिया।
संगठनों ने आम नागरिकों की मौत और संपत्ति के नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कराने, दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की भी अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश