मणिपुर के कांगपोकपी में फायरिंग और आगजनी, पांच घर जले
कांगपोकपी (मणिपुर), 31 मई (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले के खराम वैफेई गांव के पास 30 मई को दोपहर करीब 1:45 बजे अज्ञात सशस्त्र बदमाशों द्वारा फायरिंग की घटना से इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि घटना के दौरान गांव के पांच कच्चे मकानों में आग लगा दी गई, जिससे वे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही जिला पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और संयुक्त अभियान चलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते कार्रवाई के कारण स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सका।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
इस बीच प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ पोस्टों और दावों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। इनमें सुरक्षा बलों और जिला पुलिस अधीक्षक को लेकर किए गए दावों को गलत बताते हुए प्रशासन ने कहा कि ये बयान वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाते।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील परिस्थितियों में भ्रामक सूचना या दुष्प्रचार फैलाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश