मणिपुरः प्रीपाक, केवाईकेएल एवं केसीपी के 5 उग्रवादी गिरफ्तार

 


इंफाल, 17 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के कैडरों के विरूद्ध जारी अभियान के दौरान टेंगनौपाल जिले से अलग-अलग संगठनों के पांच कैडरों को गिरफ्तार किया गया है। उग्रवादियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि सोमवार को सुरक्षा बलों ने टेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय बार्डर पोस्ट (बीपी) 73 और 75 के बीच से वीबीआईजी के पांच कैडरों को गिरफ्तार किया गया है। ज्ञात हो कि मोरेह इलाके की सीमा म्यांमार देश से लगती है।

गिरफ्तार कैडरों की पहचान वाइखोंग गांव के थांगजम अशोक कुमार सिंह उर्फ खोंगथांग (प्रीपाक), लाइश्रम निपमाचा सिंह उर्फ लोइया (प्रीपाक), थांगजाम मणिमातुम मैतेई उर्फ सना (केवाईकेएल), लाइश्रम इनाओ सिंह उर्फ सनमाचा (केसीपी-एमएफएल) और चिंगंगबाम शक्ति सिंह उर्फ फेयरन (केसीपी-एमएफएल) के रूप में की गयी है। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय