मणिपुर में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के कैडर और वसूलीकर्ता गिरफ्तार, हेरोइन व नशीली कैप्सूल बरामद

 


इंफाल, 14 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में विभिन्न प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े कई सक्रिय कैडरों और कथित वसूलीकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस दौरान मादक पदार्थ भी बरामद किए गए।

असम राइफल्स से मिली सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल पश्चिम की टीम ने मोइदांगपोक इलाके में अभियान चलाकर केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर 26 वर्षीय थांगजाम सनातोम्बा सिंह उर्फ थेम्बुंग को गिरफ्तार किया। वह मोइदांगपोक माखा लीकाई का रहने वाला है।

एक अन्य अभियान में सीडीओ-इंफाल पश्चिम ने तकीयेल खोंगबल लैराक अचौबा इलाके में तलाशी अभियान चलाकर केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय सदस्य 26 वर्षीय संजेनबाम अल्बर्ट मीतेई उर्फ लुखोई को उसके आवास से गिरफ्तार किया। उस पर वसूली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

पटसोई यूनिक-खोंग बाजार इलाके में चलाए गए अभियान में पीआरई-पीएके (पीआरओ) के सदस्य 48 वर्षीय खोंगबंतबाम इनाओ सिंह उर्फ इबोयाइमा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 18,500 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इधर, लिलोंग थाना और सीडीओ-थौबल की संयुक्त टीम ने लिलोंग उसोइपोकपी से बीबी लेइहान (66) और मोहम्मद फारूक (40) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 182 एसपी कैप्सूल तथा कुल 133 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसमें 12 ग्राम हेरोइन एक साबुनदानी में और 121 ग्राम हेरोइन 91 प्लास्टिक शीशियों में रखी हुई थी।

एक अन्य संयुक्त अभियान में सीडीओ-इंफाल पूर्व और 31 असम राइफल्स ने फाकनुंग, इंफाल पूर्व से केसीपी (अपुनबा) के दो कथित वसूलीकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सेक्टा मायाई लीकाई निवासी फिजाम चिंगतम मीतेई (22) और हिजाम नानाओ मीतेई उर्फ अकानाओ (25) के रूप में हुई है। संबंधित मामलों में पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश