मालवीय नगर अग्निकांड: बीएंडबी का शेफ भी गिरफ्तार, अब तक दो आरोपितों पर पुलिस का शिकंजा

 


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। दक्षिणी जिले के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और लापरवाही व सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने शनिवार को बताया कि बीएंडबी में शेफ के तौर पर काम करने वाले केशव नेगी (65) को गिरफ्तार किया गया है। वह दिलशाद गार्डन क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल के भीतर सुरक्षा इंतजामों, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और घटना के समय मौजूद परिस्थितियों के बारे में उसे क्या जानकारी थी।

इससे पहले पुलिस ने बीएंडबी के मालिक लवकेश बजाज को भी गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में गेस्ट हाउस संचालित किया जा रहा था, वहां अग्नि सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि भवन में निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं और आग लगने के बाद बचाव कार्य में किन कारणों से बाधाएं उत्पन्न हुईं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। होटल के कर्मचारियों, प्रबंधन से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों, भवन के नक्शे, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसकी भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के लिए जांच हर पहलू से आगे बढ़ाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी