वडोदरा की निजी विश्वविद्यालय में कॉमेडी शो के वायरल वीडियो पर छिड़ा विवाद, शो बंद करने और कार्रवाई की मांग

 


वड़ोदरा, 29 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के वडोदरा की एक निजी विश्वविद्यालय में 25 नवंबर को आयोजित 'लवारी' कॉमेडी शो के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शो के दौरान कॉमेडियन भुवन बाम की कथित अश्लील टिप्पणी और हरकत के साथ अभिनेत्री संजीदा शेख के हंसने के दृश्य सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।

कार्यक्रम के दौरान विवाह से जुड़ी बातचीत के बीच की गई टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में काजल हिंदुस्तानी और हेमांग रावल ने गुजरात की सांस्कृतिक छवि और नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए शो को बंद कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

काजल हिंदुस्तानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर शो के निर्माताओं पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया की शैली की नकल की जा रही है। उन्होंने शो को तत्काल प्रभाव से बंद करने और पूरी टीम के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग करते हुए अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को टैग कर विशेष अपील की है।

दूसरी ओर, हेमांग रावल ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कार नगरी वडोदरा में इस प्रकार के कार्यक्रमों में स्त्री विरोधी और अश्लील बातों के माध्यम से नैतिकता व मूल्यों का खुलेआम हनन हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे शो पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे