(अपडेट) महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग-धमतरी समेत दिल्ली में छापे

 


रायपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से अर्जित अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क को खंगालने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार तड़के छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख जिलों रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में एक साथ बड़ी छापेमारी की।

सुबह करीब 6 बजे केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पहुंची ईडी की अलग-अलग टीमों ने सरकारी अधिकारियों, होटल कारोबारियों और निजी प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। इस दौरान निवेश, संपत्ति, बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई।

जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने होटल, कारोबारी प्रतिष्ठानों और निजी आवासों पर पहुंचकर निवेश, संपत्ति, बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। राजधानी के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेंद्र सिंह के निवास पर ईडी की टीम ने तलाशी ली और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजात खंगाले। भिलाई में होटल कारोबारी रोहन कुकरानी के घर और उनके 'रोहन पार्क होटल' में ईडी की टीम ने दस्तावेजों की जांच की है। इसके अलावा दुर्ग के पुलगांव स्थित एक चर्चित बड़े होटल और सूर्य विहार स्थित बंगले पर भी वित्तीय दस्तावेजों की जांच की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमतरी में पदस्थ अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी के आवास पर ईडी की टीम पहुंची है। धमतरी जिले में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर और उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर ईडी की टीम ने जांच-पड़ताल की।

छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ईडी ने दिल्ली में भी समानांतर कार्रवाई की। दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर के ठिकानों पर छापे मारे गए।

शुक्रवार की यह कार्रवाई पिछले दो दिनों में मिले अहम सुरागों की अगली कड़ी मानी जा रही है।इससे ठीक पहले ईडी ने रायपुर के वीआईपी रोड स्थित 7 बड़े होटलों और पंडरी के एक क्लब में जांच की थी। सूत्रों के अनुसार एजेंसी को जानकारी मिली है कि सौरभ चंद्राकर ने रायपुर के होटल, क्लब और मनोरंजन कारोबार में करीब 200 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक से पूछताछ में भी हवाला ऑपरेटरों और मीडिया कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के नए सुराग मिले हैं।

इस ताजा छापेमारी में जब्त किए गए दस्तावेजों या कार्रवाई के सटीक कारणों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। एजेंसी की टीमें फिलहाल अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हुई हैं और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक विवरण सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, इससे पूर्व नवंबर 2026 में ही अदालत के समक्ष प्रस्तुत अपने आधिकारिक दस्तावेजों में ईडी ने महादेव ऑनलाइन बुक और उससे जुड़ी गतिविधियों से अर्जित अपराध की कुल कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान व्यक्त किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा