(अपडेट)मप्र में सूरज की तपिस से पारा 47 डिग्री पहुंचा, प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू की चेतावनी
भोपाल, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की चपेट में है। प्रदेश में छतरपुर जिले का खजुराहो शहर सबसे ज्यादा तप रहा है। यहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 22 प्रमुख शहरों में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मंगलवार को भी सुबह तेज धूप से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए भी प्रदेश में 'तीव्र लू' का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, खजुराहो शहर के इतिहास में सोमवार दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां सर्वाधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, छतरपुर जिले के ही नौगांव में भी पारा 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस सीजन में यह पहली बार हुआ है जब प्रदेश के 22 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है। राजधानी भोपाल में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते तेज तपिश के कारण डामर की सड़कें तक पिघलती नजर आईं। मंगलवार को भी प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां राज्य का औसत अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।
इस बार की गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को इंदौर में 44.3 डिग्री, जबलपुर में 44.2 डिग्री, उज्जैन में 44 डिग्री और ग्वालियर में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर जैसे महानगरों में पिछले साल की तुलना में इस बार कहीं अधिक गर्मी महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस भीषण गर्मी और उमस की मुख्य वजह दक्षिण-पश्चिमी हवाएं हैं, जिन्होंने वातावरण में तपिश को और बढ़ा दिया है। लगातार चल रही गर्म हवाओं (लू) और उमस के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दोपहर के समय शहरों की मुख्य सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है। लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और जो लोग बाहर आ भी रहे हैं, वे लू के थपेड़ों से बचने के लिए अपने सिर और चेहरे को कपड़ों से पूरी तरह ढंककर सफर कर रहे हैं।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो छतरपुर के दोनों शहरों के अलावा राजगढ़ में 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री, खंडवा में 45.1 डिग्री, जबकि शाजापुर, श्योपुर और मुरैना में पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह व सतना में 44.8 डिग्री, सागर में 44.7 डिग्री, गुना व रीवा में 44.5 डिग्री, रायसेन में 44.4 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री, धार में 44.1 डिग्री तथा टीकमगढ़ और मंडला में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी राहत की कोई उम्मीद नहीं है और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी प्रदेश में 'तीव्र लू' का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में अत्यधिक गर्म हवाएं चलने की आशंका है, जहां पारा 45 डिग्री या उससे पार जा सकता है। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा, सागर और दमोह सहित 28 से अधिक जिलों में भी हीट वेव (लू) की चेतावनी दी गई है। वहीं, जबलपुर, रीवा, सतना और शहडोल समेत अन्य पूर्वी जिलों में हालांकि लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन वहां भी उमस भरी तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत