(अपडेट) ट्विशा शर्मा माैत मामला : 12 दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार, भाई मेजर हर्षित ने दी मुखाग्नि
- दिल्ली एम्स की टीम ने तीन घंटे में किया दोबारा पोस्टमॉर्टम
भोपाल, 24 मई (हि.स.)। अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के 12 दिन बाद रविवार को बेहद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा और विदाई के दौरान मृतका की मां और पूरा परिवार फूट-फूटकर रो रहा था। इस दौरान वहां मौजूद परिजनों और करीबियों की आंखें नम थीं और लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधाते नजर आए।
अंतिम संस्कार से पहले रविवार को ही दिल्ली एम्स से आई 4 सदस्यीय विशेष डॉक्टरों की टीम ने भोपाल एम्स में ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। भारी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती के बीच यह पूरी फॉरेंसिक प्रक्रिया करीब 3 घंटे तक चली। दोबारा पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया संपन्न करने के बाद दिल्ली एम्स की टीम वापस रवाना हो गई। डॉक्टरों की यह टीम अपनी विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीधे अदालत और संबंधित जांच एजेंसी को सौंपेगी।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की 12 मई की रात यहां के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जहां एक ओर ससुराल पक्ष इसे लगातार आत्महत्या बता रहा है वहीं मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि ट्विशा की दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या की गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में सोमवार का दिन कानूनी तौर पर बेहद अहम होने वाला है। उच्चतम न्यायालय इस मामले को लेकर सुनवाई करेगा। वहीं, भोपाल जिला अदालत में ट्विशा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को निरस्त करने के लिए मायके पक्ष द्वारा दायर आवेदन पर भी सोमवार को ही सुनवाई होनी है।
मामले का मुख्य आरोपित और ट्विशा का पति समर्थ सिंह फिलहाल भोपाल पुलिस की 7 दिनों की रिमांड पर है। शनिवार को पेशी के दौरान अदालत ने उसका पासपोर्ट भी जब्त करने के सख्त आदेश दिए थे, ताकि वह देश से बाहर न भाग सके। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान समर्थ से घटना की रात के घटनाक्रम और उसके बयानों की सत्यता को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहमति के बाद इस पूरे मामले की कमान जल्द ही सीबीआई के हाथों में सौंपने की प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत