लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। संसद के मानसून सत्र के 8वें दिन सोमवार को विपक्ष के भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही (कल) मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में सोमवार को लोक परीक्षा संशोधन विधयेक पेश किया गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दोपहर 11 बजे पेपर लीक से जुड़ा लोक परीक्षा संशोधन विधयेक को सदन में पेश किया। हालांकि, विपक्षी दलों के भारी हंगामे की वजह से चर्चा नहीं हो पाई। विपक्ष छात्रों की पिटाई के मामले पर बहस के लिए अड़ा रहा।
इससे पहले भारी शोर-शराबे के बीच लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे इसके बाद दोपहर 2 बजे और उसके बाद शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद संसद की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है, क्योंकि विपक्षी दलों के भारी हंगामे के कारण आज के दिन की कार्यवाही समाप्त हो गई।
लोकसभा की कार्यवाही दिन में तीन बार हंगामे की वजह से स्थगित हो गई। जब भी सदन की कार्यवाही शुरू होती कांग्रेस, सपा के सांसद वेल में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंच जाते और नारेबाजी करने लगते। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बिल पर चर्चा के लिए सरकार और विपक्षी सांसद सहमति बनाकर आएं। इसके बाद बिरला ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और सपा सांसद अखिलेशा यादव से मुलाकात की।
वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से कहा कि सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा के लिए विपक्ष नारेबाजी क्यों कर रहा है, यह मेरी समझ से परे है। रिजिजू ने कहा कि पूरे देश के युवाओं की नजर इस विधेयक पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर