ट्रंप की बधाई पर उपराज्यपाल तरनजीत संधू बोले- भारत-अमेरिका संबंध दोनों देशों के राष्ट्रीय हित में हैं

 


नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा उनकी नियुक्ति पर दी गई बधाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में भेजा गया था और उनका चयन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध दोनों देशों के राष्ट्रीय हित में हैं।

उपराज्यपाल ने यह बात शनिवार को दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज में विश्व लिवर दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच बेहद स्पष्ट है और वे कई बार इसका उल्लेख कर चुके हैं। संधू ने कहा, “मैं तो बस अपना कर्तव्य निभा रहा था। यह निश्चित रूप से संतोष और खुशी की बात है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने संदेश में इसे स्वीकार किया।”

संधू ने कहा कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी भारत-अमेरिका संबंधों में किए गए कार्यों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दोनों देशों के रिश्तों को सफलतापूर्वक एक मजबूत साझेदारी में बदला गया।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रूथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में संधू की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। साथ ही, उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में संधू की भूमिका की सराहना की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव