एल मुरुगन ने मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से दिया इस्तीफा, तमिलनाडु में भाजपा को करेंगे मजबूत

 


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से इस्तीफे की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। इसे उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है।

अपने पोस्ट में मुरुगन ने कहा है कि तमिलनाडु के एक गांव में दिहाड़ी मजदूर के बेटे से मंत्री बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने आगे कहा कि अब वे अपना पूरा समय तमिलनाडु में भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने में लगाएंगे। विशेष रूप से 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए समय देंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को अपनी यात्रा का श्रेय देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) और भाजपा से अपने जुड़ाव का उल्लेख किया।

मुरुगन ने कहा, “अब मैं जमीनी स्तर पर लौटना चाहता हूँ, अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा होना चाहता हूँ और साल 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने के लिए अपना पूरा समय समर्पित करना चाहता हूँ।”

उल्लेखनीय है कि उनकी राज्यसभा सदस्यता मध्य प्रदेश से साल 2030 में समाप्त होनी थी। साल 2021 में प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मंत्रिपरिषद में वे राज्यमंत्री बने और यह सिलसिला 2024 में उनके तीसरे कार्यकाल में भी जारी रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा