बंगाल को भ्रष्टाचार, घुसपैठ और गुंडागर्दी से मुक्त कराने का चुनावः अमित शाह
आसनसोल, 21 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कुल्टी विधानसभा सभा सीट के उम्मीदवार डा. अजय पोद्दार के समर्थन में बलतोडिया गणेश पूजा मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आसनसोल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे राज्य में बदलाव चाहते हैं, सिंडिकेट राज खत्म करना चाहते हैं और बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त बनाना चाहते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि आसनसोल की यह पवित्र भूमि कभी उद्योग और श्रम की पहचान रही है, जहां से पूरे देश और दुनिया में लोहा जाता था लेकिन वर्तमान सरकार ने यहां के उद्योगों को बंद करने का काम किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल किसी प्रत्याशी या कार्यकर्ता को जिताने का नहीं बल्कि पूरे बंगाल को भ्रष्टाचार, घुसपैठ और गुंडागर्दी से मुक्त कराने का चुनाव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मतदान के दिन कमल के निशान पर बटन दबाकर भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
गृहमंत्री ने वादा किया कि राज्य में अवैध खनन बंद किया जाएगा, रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे और सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बेरोजगारों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी, गर्भवती महिलाओं को सहयोग मिलेगा और महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त की जाएगी। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना को प्रभावी रूप से लागू कर गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक आर्थिक सहायता दी जाएगी और युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाई जाएगी और बिना किसी भ्रष्टाचार के नियुक्तियां की जाएंगी। गृहमंत्री ने राज्य सरकार पर विभिन्न घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दोषियों को कानून के तहत सजा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों की किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी बल्कि नई योजनाएं शुरू करेगी। साथ ही, सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा ताकि घुसपैठ पूरी तरह रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा और बाहरी व्यक्ति के मुख्यमंत्री बनने की अफवाहें गलत हैं।
उन्होंने लोगों से एकजुट होकर बदलाव के लिए मतदान करने की अपील की और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में विकास, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्या, केशव पोद्धार, उपासना उपाध्याय मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा