पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के साथ संबंध रखने के संदेह में कर्नाटक में एक युवक गिरफ्तार
बेंगलुरु, 24 जून (हि.स.)। कर्नाटक के दावणगेरे जिले के हरिहर तालुक के बन्निकोडु गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुहैल (20) के रुप में हुई है। उस पर पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों से संपर्क रखने का संदेह है। पुलिस और केंद्रीय खुफिया विभाग ने एक संयुक्त ऑपरेशन में युवक को गिरफ्तार किया। हरिहर ग्रामीण पुलिस थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपित युवक देश में बड़े पैमाने पर विध्वंसक और समाज विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अयोध्या के श्रीराम मंदिर को बम विस्फोट के जरिए निशाना बनाने की बात कही। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी इसकी सत्यता और उसके वास्तविक इरादों की जांच कर रही हैं।
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वह काम की तलाश में दावणगेरे आया था। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि वह चैट के माध्यम से पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। फिलहाल आरोपित पुलिस हिरासत में है और जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद और अधिक जानकारी सामने आएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला सुहैल करीब 15 दिन पहले हरिहर आया था। किसी को शक न हो, इसके लिए वह स्थानीय फैक्टरी में पेंटिंग का काम कर रहा था और बन्निकोडु गांव में रह रहा था। आरोपित के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान से जुड़े कई संदिग्ध संपर्कों के संकेत मिले हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार, वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था। उसके मोबाइल में पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाला एक नंबर “राणा भाई” नाम से सेव पाया गया। इसके अलावा वह कथित रूप से “मेमन एंड जुट्टू-333” और “राणाभाई-333” नामक समूहों का सक्रिय सदस्य था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से हथियारों के साथ खिंचवाई गई कई तस्वीरें और अन्य आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री भी बरामद होने की जानकारी मिली है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को गहन पूछताछ के लिए तुमकुरु पुलिस को सौंपा गया था। बाद में मामले के दस्तावेजीकरण और आगे की जांच के लिए उसे पुनः हरिहर ग्रामीण पुलिस थाने लाया गया, जहां वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपित के नेटवर्क, उसके संभावित सहयोगियों तथा कथित आतंकी साजिश के व्यापक पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.