राहुल गांधी सड़कों पर हंगामा और अराजकता फैलाना चाहते हैं: संबित पात्रा

 


बेंगलुरु, 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न तो कोई तथ्य हैं और न ही कोई आंकड़े। संसद में शालीन और सार्थक चर्चा करने के बजाय हंगामा और अव्यवस्था फैलाना ही उनका उद्देश्य है।

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ' अभियान के तहत गुरुवार को बेंगलुरु स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय जगन्नाथ भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही।

संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब-जब बोलते हैं, कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है। संसद में विषय आधारित चर्चा करने के बजाय वे सड़कों पर हंगामा और अराजकता फैलाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सबसे पहले अपने ही इंडी गठबंधन के सहयोगियों अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी के साथ बहस करनी चाहिए। पंजाब में अरविंद केजरीवाल उनके साथ हैं या नहीं, राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान जिस तृणमूल कांग्रेस को राहुल गांधी सबसे भ्रष्ट बता रहे थे, आज ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के बारे में उनका क्या विचार है, इसका भी जवाब देना चाहिए।

संबित पात्रा ने राहुल गांधी को कर्नाटक की अपनी ही कांग्रेस सरकार के मंत्री सतीश जारकीहोली के साथ बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जब कर्नाटक सरकार के मंत्री सतीश जारकीहोली का मानना है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हुई है तो राहुल गांधी को पहले अपने ही मंत्री से पूछना चाहिए कि एसआईआर की प्रक्रिया सही है या गलत।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.