(अपडेट) कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए डीके शिवकुमार, तीन जून को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
बेंगलुरु, 30 मई (हि.स.)। कर्नाटक में शनिवार को वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल ने अपना नेता चुन लिया है। अब वह राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने डी.के. शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने किया। इसके बाद उपस्थित सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से शिवकुमार के नाम पर अपनी सहमति जताई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार, सिद्धारमैया के मार्गदर्शन और डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल वर्तमान कार्यकाल को सफलतापूर्वक पूरा करना ही नहीं, बल्कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को दोबारा सत्ता में लाना है। इसके लिए संगठन और सरकार मिलकर काम करेंगे।
विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के सभी विधायक, मंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने डी.के. शिवकुमार के चयन का स्वागत करते हुए इसे पार्टी की एकजुटता का प्रतीक बताया। बैठक के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा और राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया।
इस बीच, मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चल रही अटकलों पर भी कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी ने कहा कि विधान सौध की सीढ़ियों पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की खबरें सही नहीं हैं।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जी. सी. चंद्रशेखर ने बताया कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को बेंगलुरु में स्थित लोकभवन के ग्लास हाउस परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.