प्रधानमंत्री मोदी कल कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का करेंगे उद्घाटन
मैसूर, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक अगस्त को कर्नाटक के मैसूर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 'स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र–विवेक स्मारक' का उद्घाटन करेंगे। मैसूर के नारायण शास्त्री रोड स्थित ऐतिहासिक निरंजन मठ परिसर में निर्मित यह स्मारक स्वामी विवेकानंद की वर्ष 1892 में मैसूर यात्रा की स्मृति में बनाया गया है।
स्वामी विवेकानंद ने मैसूर प्रवास के दौरान अनेक व्याख्यान दिए थे। तत्कालीन मैसूर महाराजा श्री चामराजेंद्र वाडियार के सहयोग से उन्हें वर्ष 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में भाग लेने का अवसर मिला था। इसी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से लगभग 81 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में इस स्मारक का निर्माण किया गया है।
इस सांस्कृतिक युवा केंद्र में अत्याधुनिक 4-डी अनुभव केंद्र, प्रदर्शनी हॉल, लगभग 700 सीटों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, पुस्तकालय, वाचनालय, ध्यान एवं योग कक्ष, कक्षाएं, सम्मेलन कक्ष, पुस्तक बिक्री केंद्र तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी मैसूर स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम पहुंचकर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे आश्रम के सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लगभग 30 मिनट तक रहेंगे। इस कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों सहित लगभग छह हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रवेश केवल विशेष पास धारकों को ही दिया जाएगा।
आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिदानंद ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध शिल्पकार अरुण योगीराज द्वारा निर्मित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा प्रधानमंत्री को स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की जाएगी। इसके साथ ही मैसूर की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाला विशेष उपहार भी उन्हें समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और आदर्शों को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस केंद्र में मूल्य आधारित शिक्षा, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, व्याख्यान, कार्यशालाएं, अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा क्षमता विकास गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मैसूर शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर की पुलिस आयुक्त सीमा लाटकर की अध्यक्षता में आज पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की गई। इसमें मैसूर सहित अन्य जिलों से आए पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थलों, प्रधानमंत्री के आवागमन मार्ग और प्रमुख स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.