प्रधानमंत्री ने मैसूरु में किया कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन, कहा- भारत की वैज्ञानिक यात्रा में जुड़ेगा नया अध्याय

 




-प्रधानमंत्री ने मैसूरु के अत्याधुनिक कॉसमॉस तारामंडल का किया उद्घाटन-भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा और अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का किया उल्लेख

मैसूरु, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। ऐसे में मैसूरु में अत्याधुनिक कॉसमॉस तारामंडल का निर्माण देश की वैज्ञानिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। उन्होंने यह बात शुक्रवार को कर्नाटक के मैसूरु में चामुंडी पहाड़ी की तलहटी में निर्मित कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन करने के बाद कही।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा, अंतरिक्ष क्षेत्र की वर्तमान उपलब्धियों और युवा वैज्ञानिकों के नवाचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आर्यभट्ट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और नीलकंठ सोमयाजी जैसे महान खगोल वैज्ञानिकों ने सीमित संसाधनों और तकनीकी सुविधाओं के बावजूद महत्वपूर्ण खोजें कीं। उन्होंने जटिल गणनाओं के माध्यम से विज्ञान के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने देश के अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोल दिया है। इससे निजी क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं पैदा हुई हैं और भारतीय स्टार्टअप को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। आज बड़ी संख्या में युवा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सक्रिय हैं। युवा वैज्ञानिक रॉकेट प्रक्षेपित कर रहे हैं और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी तेजी से दुनिया को बदल रही है। आज लोग आसानी से पता लगा सकते हैं कि कोई ट्रेन कहां है और कितनी देर में स्टेशन पहुंचेगी। इस तरह के वैज्ञानिक एवं तकनीकी विकास में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

मैसूरु आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले भी उन्हें स्वामी विवेकानंद स्मारक के उद्घाटन के लिए यहां आने का अवसर मिला था। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक की आराध्य देवी मां चामुंडेश्वरी का स्मरण किया।

कॉसमॉस तारामंडल के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने मैसूरु के राजपरिवार की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नालवडी कृष्णराज वाडियार के परिवार ने विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित कर शिक्षा एवं अनुसंधान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैसूरु ने हमेशा वैज्ञानिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया है।

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कॉसमॉस तारामंडल का परिचयात्मक वीडियो देखा। उन्होंने खगोल विज्ञान, अंतरिक्ष और मैसूरु के इतिहास से संबंधित विशेष प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा इनके बारे में जानकारी प्राप्त की।

विश्व का पहला 15 डिग्री झुका एलईडी तारामंडल

मैसूरु में निर्मित कॉसमॉस तारामंडल विश्व का पहला 15 डिग्री झुका हुआ एलईडी गुंबद वाला तारामंडल है। मैसूरु विश्वविद्यालय की ओर से 3.5 एकड़ क्षेत्र में जयचामराजा वाडियार उच्च अध्ययन केंद्र परिसर में इसका निर्माण कराया गया है। इस परियोजना पर लगभग 115 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

तारामंडल की एक अन्य विशेषता यह है कि इसमें कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं के अक्षरों का उपयोग कर 'मैसूरु' नाम को आकर्षक रूप दिया गया है। अत्याधुनिक तकनीक से विकसित इस केंद्र का उद्देश्य लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं में खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.